गुवाहाटी में आज से 13वां आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 शुरू हो गया है। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में सह-मेजबान भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। इस मौके को खास बनाने के लिए गूगल ने भी एक विशेष डूडल जारी किया, जो महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता और वैश्विक महत्व को दर्शाता है।

महिला क्रिकेट विश्व कप की शुरुआत वर्ष 1973 में हुई थी, जो पुरुषों के संस्करण से भी दो साल पहले था। तब से यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट का सबसे प्रतिष्ठित आयोजन बन चुका है। इस बार के संस्करण में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं – भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका।
भारत चौथी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेज़बानी कर रहा है। इससे पहले 1978, 1997 और 2013 में विश्व कप भारत में आयोजित हुए थे। भारतीय टीम दो बार (1978 और 2017) फाइनल तक पहुंची है लेकिन खिताब अभी तक हाथ नहीं लगा। कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना की अगुवाई में भारत खिताब जीतने का सपना पूरा करना चाहेगा।
भारत का अगला बड़ा मुकाबला 5 अक्टूबर को कोलंबो में पाकिस्तान से होगा, जबकि 9 अक्टूबर को विशाखापट्टनम में भारत और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने होंगे। सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और दूसरे नंबर की टीम इंग्लैंड इस बार भी मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। टूर्नामेंट के सभी 31 मुकाबले पांच स्थानों पर खेले जाएंगे, जिनमें से चार भारत और एक श्रीलंका में होंगे।
यह टूर्नामेंट 2 नवंबर 2025 तक चलेगा और इसी दिन फाइनल खेला जाएगा। भारत का सपना रहेगा कि घरेलू सरजमीं पर इतिहास रचते हुए पहली बार आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप की ट्रॉफी उठाई जाए।


