आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के रोमांचक मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश को तीन विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही प्रोटियाज टीम पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।

नादिन डी क्लर्क का अंतिम ओवर में छक्का
साउथ अफ्रीका की जीत की असली नायिका बनीं नादिन डी क्लर्क, जिन्होंने आखिरी ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई। अंतिम ओवर में जब 8 रन की जरूरत थी, डी क्लर्क ने एक छक्का लगाकर मैच को तीन गेंद शेष रहते खत्म कर दिया।
दिलचस्प बात यह रही कि पिछली ओवर में डी क्लर्क का कैच छूट गया था — और उन्होंने उसी मौके का पूरा फायदा उठाया।
टर्निंग पॉइंट
लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत कमजोर रही। टीम 78/5 के स्कोर पर लड़खड़ा गई थी। लेकिन इसके बाद मैरीज़ाने कप (56) और क्लोए ट्रायॉन (62) ने शानदार 85 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।
बांग्लादेश की ओर से नाहिदा अख्तर (2/44) सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जबकि फहीमा खातून, रबिया खान, और ऋतु मोनी ने भी एक-एक विकेट झटके।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवरों में 232/6 रन बनाए। शुरुआती पावरप्ले में साउथ अफ्रीका ने दबाव बनाए रखा और बांग्लादेश केवल 28 रन ही जोड़ पाई। इसके बावजूद, फरजाना हक़ और रुब्या हायदर ने इस टूर्नामेंट की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी की। इसके बाद कप्तान निगार सुल्ताना जोटी (45) और शार्मिन अख्तर (50) ने पारी को संभाला।
अंतिम ओवरों में शोर्ना अख्तर ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों पर 51 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। यह इस वर्ल्ड कप का अब तक का सबसे तेज़ अर्धशतक रहा। शोर्ना और ऋतु मोनी ने आखिरी तीन ओवरों में 37 रन जोड़कर टीम का स्कोर 232/6 तक पहुंचाया। इस जीत के बाद साउथ अफ्रीका चार मैचों में 6 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, बांग्लादेश को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है।
निगार सुल्ताना की टीम का अगला मुकाबला 16 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से होगा, जबकि साउथ अफ्रीका 17 अक्टूबर को मेज़बान श्रीलंका से भिड़ेगा।


